इंदौर पुलिस के प्रसिद्ध यमराज हेड कांस्टेबल जवाहर सिंह जादौन का करंट लगने से आकस्मिक निधन हो गया।

admin Avatar
Spread the love

इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस के प्रसिद्ध यमराज हेड कांस्टेबल जवाहर सिंह जादौन का आकस्मिक निधन हो गया। गौसेवा के दौरान करंट लगने से उनकी और उनकी गाय की मौत हो गई। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। जवाहर सिंह जादौन को कोरोना काल में लोगों को जागरूक करने के लिए यमराज के रूप में मशहूर किया गया था।
कोरोना महामारी के दौरान जब पूरा शहर घरों में कैद था, तब हेड कांस्टेबल जवाहर सिंह यमराज का रूप धारण कर लोगों को घरों में रहने और कोरोना से बचने का संदेश देते थे। वह वैक्सीन की महत्ता को लेकर भी जागरूकता फैलाने में सक्रिय थे और लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित करते थे।
जानकारी के अनुसार, जवाहर सिंह क्राइम ब्रांच में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और जूनी इंदौर पुलिस लाइन में निवास करते थे। अपने घर के पास एक बाड़े में उन्होंने एक गाय रखी थी, जिसकी सेवा वह नियमित रूप से करते थे। शुक्रवार सुबह गाय को नहलाते समय अचानक बाड़े में करंट फैल गया, जिससे वह बेसुध होकर गिर पड़े। बाड़े के पास से गुजरने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें देखकर पुलिस को सूचना दी। परिजन और पुलिस तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
– जिंदादिल व्यक्तित्व के धनी थे जवाहर सिंह
जवाहर सिंह जादौन अपनी जिंदादिली और लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने के कारण इंदौर पुलिस में विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए भी यमराज का रूप धारण कर लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया था। उनकी इस अनोखी शैली ने उन्हें इंदौर पुलिस में यमराज के रूप में एक अलग पहचान दिलाई थी। उनके निधन से शहरवासियों और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

 Avatar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Author Profile
Latest posts
Search